फसलों में चूहो का प्रकोप निरिक्षण करते कृर्षि अधिकारी
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। पककर खेत में खड़ी धान की फसल में चूहों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे कुल उत्पादन का 15 प्रतिशत अनाज को चूहे नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह और जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ इंद्रेषु कुमार गौतम ने गुरुवार को राजकीय बीज संवर्धन प्रक्षेत्र संपूर्णानगर का दौरा किया और धान की फसल को चूहों द्वारा पहुंचाए जा नुकसान का जायजा लिया। चूहों के नियंत्रण के लिए जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने खाद-बीज विक्रेताओं को प्रशिक्षण भी दिया।
प्रशिक्षण देते हुए जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि जिस प्रकार फसलों को रोग/कीटों से बचाव के उपाय किए जाते हैं, वैसे ही चूहों से भी बचाना आवश्यक है। चूहों की चार प्रजातियां फसल को नुकसान पहुंचाती हैं। एक जोड़े से वर्ष भर में करीब एक हजार चूहों की आबादी बढ़ जाती है। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही चूहों द्वारा प्लेग रोग फैलता है। चूहे के शरीर पर पाए जाने वाले पिस्सू और मल त्याग से बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। फसल जैसे ही पककर तैयार होती है, तो चूहे बालियों को काटकर बिलों के अंदर ले जाते हैं। इनका नियंत्रण 30-40 किसानों के सामूहिक प्रयास से प्रभावी सिद्ध होगा। खेतों की निगरानी और बिलों की पहचान कर उनकी रोकथाम करने के उपाय बताए। इस दौरान कृषि रक्षा इकाई पलिया के प्रभारी विनोद कुमार, बीटीएम मनोज कुमार, जगदीश प्रसाद मौजूद रहे।
--
किसानों को उन्नत खेती के गुर बताए
लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन एवं तिलहन) योजना के तहत रबी वर्ष 2020-21 में 15 अधिसूचित समस्त प्रमाणित आधारित प्रजातियों राई, सरसों पर शत-प्रतिशत केंद्रीय सहायता या अधिकतम 6500 रुपये प्रति क्विंटल और अधिसूचित संकर राई, सरसों की समस्त प्रजातियों पर अधिकतम 13000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जाएगा। योजना में 11 राज्यों के 368 जनपदों का चयन किया गया है, जिसमें लखीमपुर भी शामिल है। 20 क्विंटल उपज से अधिक वाली नवीतम प्रजातियों के बीज का वितरण कराया जाएगा।
गन्ना विकास निदेशालय लखनऊ के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी अंकित वर्मा ने लखीमपुर ब्लॉक के ग्राम पीरपुर एवं आधाचाट में बोई गई राई, सरसों के प्रदर्शनों एवं मिनीकिट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद बेहजम ब्लॉक में नि:शुल्क मिनीकिट्स वितरण एवं मिनीकिट्स प्रदर्शन का स्थलीय निरीक्षण किया गया। कार्यालय उप कृषि निदेशक के सभागार में गोष्ठी के माध्यम से किसानों को राई, सरसों की कार्ययोजना के संबंध में जनकारी दी गई। गोष्ठी में उप कृषि निदेशक राम शिष्ट, विषय वस्तु विशेषज्ञ सुनील कुमार शुक्ला, सलाहकार सिद्धेश्वर उपाध्याय, मुनेंद्र कुमार उपस्थित रहे। संवाद