राजापुर मंडी में क्रयकेंद्र पर खड़ी धान भरी ट्रॉलियां। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। सरकारी धान क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों की लगातार बढ़ती भीड़ से केंद्र प्रभारी परेशान हैं, तो वहीं बिचौलिए भी नाक में दम कर रहे हैं। सोमवार को मंडी राजापुर में पीसीएफ के क्रय केंद्र पर एक व्यक्ति द्वारा सात ट्रॉली धान लाने की शिकायत पर एसडीएम सदर डॉ अरुण कुमार सिंह ने एआर कोआपरेटिव रत्नाकर सिंह को मौके पर भेजकर जांच कराई। इस दौरान जनपद के दौरे पर आए अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक रामप्रकाश भी मामले की पड़ताल करने क्रय केंद्र पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर धान खरीद का जायजा लिया। किसान के लाए धान की तौल रुकवा दी गई है।
कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर में खुले क्रय केंद्रों पर जनपद की निघासन, मितौली, पलिया और गोला तहसील क्षेत्र के किसान भी धान बेचने के लिए लाइन लगा रहे हैं। किसानों की शिकायत है कि निघासन और तिकुनियां में खुले क्रय केंद्रों पर खरीद नहीं की जा रही है, जिससे मजबूरन किसानों को मंडी में धान बेचने के लिए दौड़ लगानी पड़ रही है। वहीं धान खरीद में बिचौलियों द्वारा सेंध लगाए जाने से अधिकारियों के कान खड़े हो गए हैं। सोमवार को पीसीएफ के क्रय केंद्र पर सात ट्रॉली धान बेचने आए कथित किसान के बारे में किसी ने एसडीएम सदर से शिकायत कर दी, जिसके बाद एआर कोआपरेटिव रत्नाकर सिंह और पीसीएफ के जिला प्रबंधक शैलेंद्र शुक्ला ने मामले की जांच की तो पाया कि कथित किसान ने पहले निघासन निवासी जोगेंद्र सिंह के नाम का पंजीकरण दिया था, जिसमें 366 क्विंटल बिक्री योग्य धान की मात्रा दर्शाई गई थी। इसके बाद सोमवार को उसी किसान ने बन्नी (अंदेशनगर) निवासी परमजीत सिंह के नाम का पंजीकरण दिया, जिस पर 52 क्विंटल धान की मात्रा दर्शाई गई है। अब इस मामले में संबंधित किसानों के खेत में बुआई गई फसलों की जांच निघासन और लखीमपुर तहसील के लेखपालों से कराई जा रही है। तब तक उस किसान द्वारा लाए गए धान की तौल रोक दी गई है।
--
अपर निबंधक ने कई क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण
सहकारिता विभाग के अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक रामप्रकाश ने सोमवार को मंडी राजापुर में पीसीएफ और पीसीयू के क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद गनेशगंज, मुड़िया खुर्द, कौआखेड़ा गांवों में खुले क्रय केंद्र देखे और धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद पलिया क्षेत्र के क्रय केंद्रों की जांच के लिए रवाना हो गए। इस दौरान एआर कोआपरेटिव रत्नाकर सिंह भी मौजूद रहे।
बाक्स=वर्जन.......
मंडी के एक क्रय केंद्र पर एक व्यक्ति के सात ट्रॉली धान लाए जाने की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच कराई जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ अरुण कुमार सिंह, एसडीएम सदर