लखीमपुर खीरी। जिले में खरीफ अभियान-2026 के तहत शुक्रवार से बाकेगंज ब्लॉक के राजकीय कृषि बीज भंडार से धान और ढैंचा बीज वितरण शुरू हो गया। विभागीय पोर्टल पर बुकिंग कराने वाले किसानों का ई-लॉटरी के जरिए चयन कर लाभ दिया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि सामान्य श्रेणी के बीजों पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। किसानों से विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण और बुकिंग कर समय से प्रमाणित बीज लेने की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि धान की पीआर-126 और पीआर-128 प्रजाति उपलब्ध हैं। पीआर-126 अल्प अवधि की उन्नत प्रजाति है, जो 93 से 110 दिनों में तैयार हो जाती है। इसकी औसत उत्पादकता 30 से 35 क्विंटल प्रति एकड़ है।
पीआर-128 मध्यम अवधि की प्रजाति है, जो 111 से 125 दिनों में तैयार होती है। इसकी औसत उत्पादकता 32 से 38 क्विंटल प्रति एकड़ बताई गई है।