ढखेरवा गिरजापुरी हाईवे पर गाजियापुर में पलटा ओवरलोड गन्ना भरा ट्रक। स्रोत : ग्रामीण
रमियाबेहड़। पढुआ थाना क्षेत्र के गांव गजियापुर के पास ढखेरवा-गिरजापुरी मार्ग पर बुधवार को गन्ना लादकर बेलरायां शुगर फैक्टरी जा रहा ओवरहाइट ट्रक अचानक पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में क्षमता से अधिक गन्ना भरा था।
मोड़ के पास संतुलन बिगड़ते ही ट्रक पलट गया। इससे सड़क किनारे खड़ीं चार बाइकें नीचे दब गईं। बाइकों पर सवार लोग समय रहते अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रक से गन्ना हटाकर दब चुकीं चारों बाइकों को बाहर निकाला। घटना की सूचना पर पढ़ुआ पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। संवाद