कस्बा स्थित गुरुद्वारा के निकट ओवरलोड भूसी भरे ट्रक की टक्कर से सड़क के किनारे लगा हाईटेंशन बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। पोल के सड़क पर टूटकर गिरते ही तारों के आपस में टकराने से चिंगारी निकलने से रोड से गुजर रहे राहगीरों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने इसकी सूचना बिजली उपकेंद्र पर दी। उपकेंद्र से बिजली सप्लाई काटे जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना मंगलवार दोपहर 12 बजे की है। बांकेगंज-कुकरा रोड पर ओवरलोड भूसी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाइटेंशन बिजली पोल से टकरा गया। ट्रक की टक्कर लगते ही पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। पोल टूटकर गिरने पर सड़क से गुजर रहे दर्जनों पैदल, बाइक और साइकिल सवार बाल-बाल बच गए। गनीमत यह रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सड़क पर टूटकर गिरे पडे़ बिजली पोल से घंटो आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने सड़क पर गिरे बिजली का पोल हटाया तब जाकर आवागमन शुरू हो सका।