मैगलगंज। मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के नयागांव स्थित निर्माणाधीन बुद्धविहार में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने की सूचना से ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने इसे अराजकतत्वों की हरकत मानते हुए नाराजगी जताई।
मैगलगंज के प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। जांच के दौरान पता चला कि बुद्धविहार अभी निर्माणाधीन है और वहां रखी ईंटों के बीच कुछ बच्चे खेल रहे थे। खेल के दौरान गलती से एक बच्चे के टकराने से आंबेडकर प्रतिमा खंडित हो गई।
सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत प्रतिमा को सही करवा दिया और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह दुर्घटनावश हुई घटना थी।