गोला गोकर्णनाथ। अलीगंज मार्ग से ग्राम पंचायत पुनर्भू ग्रंट संपर्क मार्ग के मोड़ पर खुले में बकरे और मुर्गाें समेत अन्य जानवरों को काटा जा रहा है। इसके अवशेष पास के गड्ढे में फेंक दिए जाते हैं। ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए दुकानों को अन्यत्र स्थान पर पहुंचाने की मांग एसडीएम से की है।
अलीगंज मुख्य मार्ग से नौ मजरों और करीब 10,000 की आबादी वाली ग्राम पंचायत पुनर्भू ग्रंट के संपर्क मार्ग के मोड़ पर मांस का पूरा बाजार विकसित हो चुका है। यहां कई दुकानें हैं, जिन पर खुले में बकरा, बकरी, मुर्गा व मुर्गी काटी जाती हैं। ग्राम पंचायत में एक महाविद्यालय सहित कई स्कूल हैं। चंद कदमों की दूरी पर प्राचीन शिवालय और देवस्थान है। खुले में बिक रहे मांस की इन दुकानों के बीच निकलने वाले लोग असहज हो जाते हैं।
ग्रामीण शैलेंद्र, अतुल, आदेश, अवध किशोर, माधुरी देवी, डॉ. वेद प्रकाश अग्निहोत्री आदि ने खुले में मांस काटने बेचने वाली दुकानों को अन्यत्र स्थान पर पहुंचाने की मांग की है। एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मौके का निरीक्षण कराकर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।