पलिया के पांडेय बाबा मंदिर में प्रदर्शन करतीं महिलाएं। संवाद
पलियाकलां। शहर के पांडेय बाबा मंदिर में शनिवार को एक प्राचीन पीपल का पेड़ अपने आप रात में गिर गया। जिसके बाद सोमवार को नगर पालिका कर्मी इसे काटकर पूरी तरह हटाने लगे। विरोध में काफी संख्या में महिलाएं वहां एकत्र हो गईं और प्रदर्शन करने लगीं। महिलाओं ने कहा कि पेड़ 200 साल पुराना है और इसको पूरी तरह से काटना ठीक नहीं है।
बता दें कि पांडेय बाबा स्थान पर लगा प्राचीन पीपल का पेड़ शनिवार की रात अचानक गिर गया था। जिससे कुछ मूर्तियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ के गिरे हुए हिस्से को नगर पालिका की तरफ से कटवा दिया गया, जबकि कुछ हिस्सा अब भी पिलर व दीवार से टिका हुआ था। जिसको हटवाने के लिए मंदिर के पुजारी ने नगर पालिका को सूचना दी।
इस आशय की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हो गईं और पूरी तरह पेड़ को काटकर हटाए जाने का विरोध किया।