पलियाकलां। पलिया के मुंजहा स्थित हवाई पट्टी पर शनिवार से विमान सेवा शुरू हो गई। दोपहर बाद एक विमान उतरा। हवाई पट्टी की देखरेख करने वालों के अनुसार, विमान में केवल पांच सवारियां ही लखनऊ से आई थीं।
बता दें कि 25 नवंबर को लखीमपुर महोत्सव का शुभारंभ करने दुधवा पहुंचे पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व वन एवं पर्यावरण मंत्री डाॅ. अरुण कुमार सक्सेना ने हवाई पट्टी से विमान सेवा शुरू होने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि 12 सीटर विमान इस हवाई पट्टी पर उतारे जाएंगे। इस हवाई पट्टी का यात्रा के लिए भी प्रयोग किया जाएगा।
जिसके बाद से एक दिसंबर से विमान सेवा शुरू होने की बात सामने आई थी, लेकिन एक दिसंबर से भी विमान सेवा शुरू नहीं हो सकी थी। इधर शनिवार से फिर से विमान सेवा शुरू होने की बात सामने आई। इसी में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक विमान लखनऊ से पलिया हवाई पट्टी पर उतरा।
सूत्रों के अनुसार, इसमें केवल पांच ही सवारियां आई थीं, जो पहले से लगी गाड़ियों में बैठकर चलीं गईं। सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही अग्निशमन विभाग व स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी तैनात किया गया था। रविवार से सेवा सुचारू होने की उम्मीद लगाई जा रही है।