लखीमपुर खीरी। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति अब ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके लिए परिषद के पोर्टल पर विद्यार्थियों का पूरा डाटा अपलोड किया जाएगा।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति भी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। जिले में 51 राजकीय, 45 अशासकीय और 220 वित्तविहीन विद्यालय संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था से स्कूल से दूरी बनाने वाले छात्र-छात्राओं पर निगरानी रखना आसान होगा और किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। पहले कई स्कूलों में उपस्थिति रजिस्टर में हेरफेर की शिकायतें मिलती थीं, लेकिन अब ऑनलाइन व्यवस्था से पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। नए सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्रों का पूरा विवरण उसी दिन पोर्टल पर दर्ज करना होगा, ताकि उनकी उपस्थिति तुरंत दर्ज हो सके। कक्षा 9 व 11 के पंजीकरण और कक्षा 10 व 12 की परीक्षा संबंधी समय-सारिणी अलग से जारी की जाएगी।