मझगईं के दौलतापुर से जंगली जानवर के मांस समेत पकड़ा गया ग्रमीण। स्रोत : वन विभाग
मझगईं। दौलतापुर के मजरा नौगवां गांव में जंगली जानवर का शिकार कर पकाए जा रहे मांस के साथ वन विभाग की टीम ने एक आरोपी को पकड़ा है, जबकि पांच अन्य लोग मौके से भाग गए। करीब दो किलो मांस को जांच के लिए भेजा गया है।
निघासन वन विभाग रेंजर गजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद रमेश पुत्र अशर्फी के घर पर टीम ने छापा मारा। यहां घर में चूल्हे पर पकता करीब दो किलो मांस बरामद किया है। रमेश ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम में शामिल वनकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। मौके से अशर्फीलाल, राजेश कुमार, रामसागर, दर्शन और नरपत के घरों में भी छापा मारा गया, लेकिन सभी भाग गए। रेंजर ने बताया कि छह लोगों ने शिकार किया था, जिसकी टीम को जानकारी मिली थी। एक को पकड़ा गया है। बाकी की तलाश जारी है। बरामद मांस को जांच के लिए भेजा गया है। संवाद