इमरजेंसी स्टॉफ पर लगाया लापरवाही का आरोप
कार की टक्कर से घायल हुए थाना हैदराबाद के गांव भल्लिया निवासी 25 वर्षीय राजकुमार की जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के परिवार वालों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल परिवार वालों के शांत कराया।
थाना मैलानी के गांव संसारपुर निवासी ग्राम प्रधान रामप्रसाद ने बताया कि सोमवार को गांव भल्लिया निवासी उनका भांजा राजकुमार बाइक से घर लौट रहा था। मेन रोड से घर की ओर मुड़ते समय कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। जिससे राजकुमार घायल हो गया था। घर वाले भांजे को गंभीर हालत में एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल लाए। जहां उसकी करीब तीन घंटे बाद मौत हो गई। इससे नाराज परिवार वालों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव को मोरचरी में रखवा दिया।