वर्ष 2016-17 में कराए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर माथापच्ची
नए वित्तीय वर्ष में जिले में चयनित 39 लोहिया गांवों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराने के लिए अधिकारी नए सिरे से रूपरेखा तैयार करने में जुट गए हैं। दरअसल इन गांवों में बिजली, सड़क, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा आदि की बुनियादी सुविधाएं विकसित की जानी हैं, इसलिए अधिकारियों को गांवों में जाकर मौजूदा हालात के हिसाब से पात्र ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रभारी सीडीओ डॉ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों को लेकर सभी विभागों को पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों से चयनित लोहिया गांवों का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। विभिन्न गांवों में जो लोग कच्चे मकानों में रहते हैं, उन्हें पात्रता के अनुसार इंदिरा आवास और लोहिया आवास दिए जाएंगे। वृद्ध और विधवा महिलाओं को पेंशन देने, सड़क निर्माण, शौचालय बनवाने, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत रोजगार उपलब्ध कराने सहित तमाम विकास कार्य कराना है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से गांवों का निरीक्षण कर विकास की कार्य कराने की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि जो व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लिए पात्र हों, उन्हें हर हाल में सूची में शामिल कर लाभान्वित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप गरीब व्यक्तियों को योजनाओं का फायदा मिल सके।