हिंदू संम्मेलन में कविता पाठ करते राष्ट्रीय कवि मुकेश मालवा। संवाद
धौरहरा। गोस्वामी संत तुलसीदास की रचना स्थली श्रीराम वाटिका धाम में शनिवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें ओजस्वी कविताओं और जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि मुकेश मालवा (मध्यप्रदेश) और विधायक विनोदशंकर अवस्थी ने ध्वज प्रणाम व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय कवि मुकेश मालवा ने अपनी ओजस्वी कविताओं के माध्यम से सनातन संस्कृति और भारतीय इतिहास पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
उन्होंने मंच से ‘वंदेमातरम्’ का गायन करते हुए ‘जय श्रीराम’ का जयघोष किया। इस पर पूरा पंडाल गूंज उठा। कवि नवल सुधांशु की पंक्तियां “दो अयोध्या को वरदान हे रामजी, एक दिन देश की राजधानी बने। इस पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
कार्यक्रम को समरसता प्रमुख राजकिशोर, अयोध्या से पधारे संत विष्णु देवाचार्य महाराज और विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने भी संबोधित किया। इसके अलावा क्षेत्रीय कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर गोपालशंकर अवस्थी, देवाशीष त्रिवेदी, डॉ. मुकेश गुप्ता और राजीव जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन में प्रस्तुत कविताओं और वक्तव्यों ने उपस्थित जनसमूह में सनातन संस्कृति के प्रति जोश और गर्व की भावना भर दी।