जसनगर में कटान रोकने को परियोजना का शुभारंभ करते विधायक शशांक वर्मा। संवाद
तिकुनिया। जसनगर और खैरटिया में होने वाले कटान को अब रोका जा सकेगा। इसके लिए चार करोड़ से अधिक की परियोजना मंजूर हुई है। इससे मोहाना नदी पर 1600 मीटर में जिओ ट्यूब बैग की ठोकरें बनाई जाएंगी।
शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक शशांक वर्मा की मौजूदगी में फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस दौरान क्षेत्र के तमाम किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बॉर्डर इलाके में बाढ़ और कटान की समस्या को देखते हुए सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर बचाव कार्य शुरू कराए हैं। इस परियोजना में ठोकरों का निर्माण कराया जाएगा।
जहां तक कटान हो रहा है, वहां तक करीब 1600 मीटर में ठोकरों का निर्माण कराया जाएगा। इसके चलते खैरेटिया बांध मार्ग तथा रेलवे ट्रैक के साथ क्षेत्र के तमाम गांव के लोगों को बाढ़ से राहत मिलेगी। सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता शोभित कुमार ने कहा इससे क्षेत्र की जनता को बाढ़ एवं कटान से छुटकारा मिल जाएगा।
इस दौरान अवर अभियंता नितिन कुमार, पवन कुमार, संपूर्णानंद और गौरव कुमार सहित क्षेत्र के पूर्व प्रधान जगदीश वर्मा, जसनगर प्रधान पति सुरेश तलवाड़, चीनी मिल बेलरायां के उपाध्यक्ष सुच्चा सिंह, निर्मल सिंह, राकेश कुमार, जसवंत सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।