लखीमपुर खीरी। अब खाद की तरह बीज उत्पादन, भंडारण, स्टॉक और बिक्री की भी ऑनलाइन निगरानी होगी। शासन ने बीज कारोबार को साथी पोर्टल से जोड़ दिया है, जिससे बिना ऑनलाइन प्रविष्टि के बीज बिक्री और स्टॉक संचालन मान्य नहीं होगा। जिले में 600 से अधिक बीज की दुकानें हैं।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने सभी बीज उत्पादक, विक्रेता, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर और संबंधित संस्थाओं को साथी पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। कृषि निदेशालय उत्तर प्रदेश ने बीज व्यवसाय को पारदर्शी, डिजिटल और ट्रेसिबल बनाने के लिए यह व्यवस्था लागू की है।
अब बीज उत्पादन, भंडारण, स्टॉक प्रबंधन, स्थानांतरण और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड पोर्टल पर दर्ज करना होगा। सभी बीज विक्रेताओं को तत्काल ऑन-बोर्डिंग पूरी कर खरीद, बिक्री और स्टॉक का डिजिटल अभिलेख सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था से बीजों की गुणवत्ता की निगरानी बेहतर होगी और किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध हो सकेंगे। शासनादेश का उल्लंघन मिलने पर बीज नियंत्रण आदेश 1983 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी।