गोला में डीएम और नगर पालिकाध्यक्ष के साथ डेस्क बेंच पर बैठे परिषदीय स्कूलों के बच्चे। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। बाल दिवस पर नगर क्षेत्र के सात परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के बैठने के लिए डीएम और नगर पालिकाध्यक्ष ने डेस्क व बेंच के 270 सेट उपहार में दिए। इस पर बैठकर 652 विद्यार्थी पढ़ाई कर सकेंगे।
उच्च प्राथमिक विद्यालय त्रिलोक गिरि परिसर में हुए कार्यक्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे, एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, बीएसए प्रवीण तिवारी के साथ फर्नीचर वितरित किए। नई चमचमाते फर्नीचर पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिले दिखे। डीएम ने कहा कि शिक्षा का आधार सिर्फ किताबें नहीं, बल्कि अनुकूल वातावरण भी है। फर्नीचर मिलने से बच्चे न केवल सुविधा से पढ़ सकेंगे, बल्कि उनमें सीखने का उत्साह भी बढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने बच्चों को ज्योमेट्री बॉक्स, चॉकलेट और पेंसिल, रबर, कटर की किट भी वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान त्रिलोक गिरी उच्च प्राथमिक विद्यालय, लोन सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय, आदर्श प्राथमिक विद्यालय, कस्तूरबा प्राथमिक विद्यालय, जवाहर प्राथमिक विद्यालय, रामविलास प्राथमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय गोला को फर्नीचर दिए गए।