जिला अधिवक्ता संघ के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। नामांकन के तीसरे दिन 14 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे दाखिल किए। पहले नामांकन दाखिल कर चुके कुछ प्रत्याशियों ने एहतियातन दोबारा नामांकन दाखिल किया है। महामंत्री रमाकांत दीक्षित ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच एवं आपत्तियों पर सुनवाई पांच जनवरी को होगी।
अध्यक्ष पद के लिए शिवसहाय सिंह, संतोष मिश्र और राजेश त्रिपाठी ने शनिवार को अपने नामांकन पत्र का एक-एक सेट फिर से दाखिल किया। जबकि चंद्र मोहन सिंह ने दो सेट फिर से दाखिल किए। इस तरह उन्होंने कुल तीन सेटों में पर्चा दाखिल किया है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए श्रीकांत अवस्थी, अनिल सक्सेना, मोहम्मद सिद्दीक खां चुनाव मैदान में हैं। तो कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अंशुमान माथुर और बृजकिशोर के बीच मुकाबला है। महामंत्री पद के लिए हौसला प्रसाद वर्मा, अशोक शुक्ला और कुंती त्रिवेदी ने नामांकन दाखिल किया है। कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय राय, राजकिशोर श्रीवास्तव, विनोद शर्मा के बीच मुकाबला है।
संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए श्रीकांत पांडेय, विवेक अवस्थी, संजीव मिश्र, मोहम्मद इजराइल खां, चंद्रशेखर मिश्र, विजय पाल वर्मा, संजीव गुप्ता और सौरभ दीक्षित के बीच जोर आजमाइश होनी है। वहीं गवर्निंग कौंसिल कनिष्ठ के तीन पदों के लिए संजीव वाजपेयी, सर्वेश मिश्र, अकबर अली नकवी, अखिलेश बंसवार और अशोक अवस्थी चुनाव मैदान में हैं। जबकि गर्वनिंग कौंसिल वरिष्ठ वर्ग के तीन पदों के लिए इसरार अहमद, अवनीश मिश्र, संजय मिश्र ने अपना नामांकन दाखिल किए हैं। इसलिए इनका र्निविरोध चुना जाना तय है।