शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मृत गोला नगर पालिका परिषद के सदस्य अजीव गिरि और महेंद्र रावत उर्फ सोनू की अर्थियां उठीं तो वसीम अहमद का जनाजा देखकर लोग रो उठे। दो सदस्यों का अंतिम संस्कार तो एक सदस्य को सुपुर्दे खाक किया गया।
दो जनवरी की देर शाम नेपाल से लौटते समय नगर से आठ किलोमीटर पहले खुटार की ओर से आ रही गन्ना भरी ट्रॉली में ऑल्टो कार घुस जाने से गोला नगर पालिका परिषद के सदस्य अंजीव गिरि, वसीम अहमद और महेंद्र रावत उर्फ सोनू की मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी ओपी भारती और कोटवारा निवासी अली हसन गंभीर घायल हो गए थे, जिनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है। इधर शनिवार की दोपहर अंजीव गिरि का पौराणिक शिव मंदिर के समीप गोस्वामी समाज के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।
वसीम अहमद को मोहम्मदी रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया तो महेंद्र रावत का मिल रोड स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। तीनों की अंतिम यात्राओं में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। यातायात थम गया और जिसने भी देखा रो पड़ा।
अंतिम यात्रा में यह भी हुए शामिल
अंतिम यात्रा में विधायक विनय तिवारी, रोमी साहनी, रामसरन, पूर्व मंत्री रामकुमार वर्मा, रमेश मिश्रा, पूर्व सांसद दाउद अहमद, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक यादव, मैलानी सपा नगराध्यक्ष नरेश यादव, मोहम्मदी के संदीप मेहरोत्रा, जिला पंचायत पूर्व सदस्य शिवनंदन वर्मा, अशोक कनौजिया, पारस प्रसाद मिश्र, कैलाशचंद गुप्ता, मोंटी गिरि, अजय गिरि, देवेंद्र गिरि, राजेश गिरि एडवोकेट, प्रह्लाद पटेल, राजनीतिक पार्टियों के नेता सहित कई नगर पालिका और पंचायतों के सदस्य, व्यापार मंडल सहित तमाम संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
हेडलाइट जलाकर हुआ पोस्टमार्टम
लखीमपुर खीरी। गोला नगर पालिका के तीन वार्ड सदस्यों के शवों का पोस्टमार्टम प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण वाहनों की हेडलाइट जलाकर किया गया। इस दौरान वहां डीएम गौरव दयाल, एसपी अरविंद सेन, गोला विधायक विनय तिवारी, लखीमपुर और गोला नगर पालिका के तमाम वार्ड सदस्य के अलावा सैंकड़ों लोग मौजूद थे। बता दें कि आपात स्थिति में रात के समय पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस लाइंस से जेनरेटर की व्यवस्था कराई जाती है लेकिन वार्ड सदस्यों के शवों के पोस्टमार्टम के दौरान वहां आधी रात के बाद तक बदइंतजामी फैली रही।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन कब्जे में लिए
ममरी। सड़क हादसे में दुर्घटनाग्रस्त कार और गन्ना भरी ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की रिपोर्ट निल क्राइम पर कोतवाली सदर में दर्ज कर ली गई है। अगली कार्रवाई रिपोर्ट की प्रतिलिपि थाने पर आने के बाद की जाएगी।
--
जिले भर में हुईं शोक सभाएं, नगर पालिकाओं में रहा अवकाश
लखीमपुर खीरी। नगर पालिका गोला के तीन सदस्यों को मृत्यु पर जिले भर में शोक सभाएं हुईं। अधिकतर नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अवकाश घोषित कर दिया गया।
लखीमपुर पालिका के सदस्यों ने शोकसभा कर मौन धारण किया और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पालिका में अवकाश घोषित कर दिया। इस दौरान वार्ड सदस्य कुमुदेश शंकर शुक्ला, राकेश मिश्रा, अरविंद गुप्ता, अनूप शुक्ला, बृजेश पाल, अनिल शुक्ला, किशोरीलाल, रवि मिश्रा समेत नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। इस मौके पर एकत्र हुए वार्ड सदस्यों ने सर्वसम्मति से कहा कि बुधवार को सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी गौरव दयाल को ज्ञापन सौपकर मृतक आश्रितों के लिए 25-25 लाख रुपये सहायता राशि की मांग करेगा।
गोला गोकर्णनाथ। नगर पालिका परिषद के सभागार में एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई शोक सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, नपाप सदस्य आनंद सोनी, कफील अहमद, काशी विश्वनाथ तिवारी, नानकचंद वर्मा, रीता त्रिवेदी, पंकज गुप्ता, द्वारिका प्रसाद रस्तोगी समेत तमाम लोग मौजूद रहे। उधर भ्रष्टाचार विरोधी संघर्ष समिति, विद्यालय प्रबंधक/प्रधानाचार्य कल्याण समिति, समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा, नगर कांग्रेस कमेटी, अनुराधा संस्था ने भी शोक सभाएं कीं।
बांकेगंज। यहां हुई शोक सभा में ग्राम पंचायत जटपुरा के प्रधान कुलवंत सिह उर्फ कक्की, जाबिर अली, विनोद गोयल, हरिकिशन अग्रवाल, मनोज गोयल, शेर सिंह, वीरेन्द्र कुमार गौतम सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
मैलानी। नगर पंचायत में हुई शोकसभा में चेयरमैनपति सपाध्यक्ष नरेश यादव, सदस्य धीरेंद्र वर्मा, प्रीतपाल सिंह पाली, विजय कुमार बटल्लू, मनोज कुमार, बाबूराम, यूसुफ अंसारी आदि लोग मौजूद रहे। शोकसभा के बाद कार्यालय में शोकावकाश घोषित कर दिया गया।
पलियाकलां। नगर पालिका परिसर में पालिकाध्यक्ष केबी गुप्ता की अध्यक्षता में हुई शोक सभा में पलिकाकर्मी, सदय मौजूद रहे।
पालिका सदस्यों की पारिवारिक पृष्ठभूमि
अंजीव गिरि
गोला गोकर्णनाथ। गोकर्ण वार्ड 15 के सदस्य अंजीव गिरि अपने पीछे पत्नी सुषमा गिरि सहित दो पुत्री मानसी(14), विधि (7), पुत्र जिसू (10) को छोड़ गए हैं। इनके पिता श्यामचंद्र गिरि मां रामबेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई संजीव गिरि कृषि उत्पादन मंडी समिति में मंडी सहायक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि छोटा भाई नीरज गिरि और सुशील गिरि है।
--------------------
वसीम अहमद
गोला गोकर्णनाथ। नगर के वार्ड संख्या नौ पश्चिमी दीक्षिताना के सदस्य वसीम अहमद एडवोकेट (28) आयकर अधिवक्ता थे। इनके पिता इसहाक अली पब्लिक इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं। बड़े भाई नसीम अहमद प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। बहन शबाना शादीसुदा है।
-------------------------
महेंद्र रावत उर्फ सोनू
गोला गोकर्णनाथ। मिल वार्ड 13 के सदस्य महेंद्र रावत उर्फ सोनू (45)के पिता दुष्यंत रावत मिल अस्पताल में कंपाउंडर हैं। महेंद्र अपने पीछे पत्नी मानसी, पुत्र वासू (5), आरब (1) छोड़ गए हैं। बड़े भाई भरत रावत और छोटा भाई मनोज रावत हैं।