किसानों ने बंद किया गन्ना देना, भुगतान की मांग पर अड़े
इंडेंट जारी होना भी बीएचएल चीनी मिल के काम न आया। डिफर और नए सत्र के भुगतान की मांग पर अड़े किसानों ने यहां गन्ना लाना बंद कर दिया है। जिसके चलते सोमवार की सुबह चीनी मिल नोकेन होकर बंद हो गई। किसानों ने मांग पत्र मुख्यमंत्री समेत कई अधिकारियों को भेजा है।
गौरतलब है कि चीनी मिल से किसानों ने एक मुश्त बकाया डिफर और नवीन सत्र का भुगतान नियमानुसार मांगा था लेकिन चीनी मिल 25 दिसंबर तक सिर्फ डिफर देने की बात कह रही थी। जिस पर किसान नहीं माने थे और सोसायटी से इंडेंट रुकवा दिया था लेकिन किसानों का आरोप था कि चीनी मिल ने इंडेंट जारी कर अपने कर्मियों से पर्चियां बंटवाना शुरू कर दीं। इसको लेकर उन्होंने रविवार को एक बैठक भी की। बैठक में फैसला हुआ था कि वह अब गन्ना ही नहीं आने देंगे और ऐसा कर वह चीनी मिल को नोकेन कर देंगे। सोमवार की सुबह वही हुआ और चीनी मिल के यार्ड खाली हो गए जिसके चलते करीब सुबह 8.30 बजे चीनी मिल नोकेन होकर बंद हो गई। किसानों ने सोमवार को भी पंचायत की और कहा कि चीनी मिल को तत्काल संपूर्ण डिफर का भुगतान कर देना चाहिए। किसानों ने मुख्यमंत्री समेत गन्नाधिकारियों को पत्र भेजकर डिफर और नवीन सत्र का भुगतान दिलाए जाने की मांग की है। किसानों ने कहा है कि जो घटतोली पकड़ी गई थी उतने वजन को उससे पहले तोल करा चुके किसानों की पर्चियों में प्लस कराया जाए। किसानों ने सोमवार को भी केन सोसायटी में बैठक की।