लखीमपुर खीरी। जिले में नो हेलमेट नो पेट्रोल का नियम लागू हैं, लेकिन उसका सख्ती से पालन नहीं हो पा रहा। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर आज भी बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा है, जो नियम के खिलाफ है। पेट्रोल पंप संचालक खुलेआम नियम तोड़ते नजर आए। हालांकि अधिकांश जगह नियमों का पालन होता नजर आया। कई बाइक सवारों को हेलमेट न होने पर पेट्रोल नहीं दिया गया।
शहर में 10 से अधिक पेट्रोल पंप हैं। वैसे तो अधिकांश जगह सख्ती दिखी, लेकिन फिर भी एक दो लोगों को बिना हेलमेट ही पेट्रोल दिया गया। कुछ लोग एक दूसरे का हेलमेट लेकर पेट्रोल डलवाते नजर आए। हालांकि काफी लोगों को लौटा दिया। शहर के पेट्रोल पंपों पर थोड़ी बहुत सख्ती दिखी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में खुलेआम बिना हेलमेट पेट्रोल बेचा जाता रहा, लेकिन वहां पर कोई भी रोकने-टोकने वाला नहीं मिला।
निघासन के रिलायंस और इंद्रावती, गिरि पेट्रोलियम पर मंगलवार को बिना हेलमेट पेट्रोल मिलता रहा। ऐसा ही मोहम्मदी क्षेत्र में देखने को मिला। अधिकांश पेट्रोल पंप संचालक नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए। बरबर के इंद्राणी पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल मिलता रहा। मुनीम रामेंद्र ने बताया कि यह ग्रामीण क्षेत्र है।
उचौलिया में भारत पेट्रोलियम के पंप पर बिना हेलमेट बाइक चालकों को पेट्रोल दिया गया। इसी तरह गोला में भी न हेलमेट, न पेट्रोल की सख्ती का असर नहीं दिखा। अधिकांश पेट्रोल पंपों पर बाइक सवार बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाते दिखे नजर आए।
किसी का हेलमेट किसी के सिर पर रखवा कर दिया पेट्रोल
खीरी टाउन। कस्बा खीरी के एक पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल दिया जा रहा है। एक हेलमेट निकालकर दूसरे, तीसरे को लगाकर पेट्रोल देने का कार्य चल रहा है।
लखीमपुर मार्ग स्थित महावीर पेट्रोल पंप पर जिलाधिकारी के आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं। बीती देर रात बिना हेलमेट वालों को भी पेट्रोल दिया गया। जिनके पास हेलमेट नहीं था तो पेट्रोल लेने आए दूसरे व्यक्ति का हेलमेट उसे लगवाकर पेट्रोल दे दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संवाद
बरबर के इंद्राणी पंप पर बिना हेलमेट बाइक को पेट्रोल देते हुए। संवाद
बरबर के इंद्राणी पंप पर बिना हेलमेट बाइक को पेट्रोल देते हुए। संवाद