अमीरनगर। मोहर्रम मेला सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को तीसरी बार पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियों की ऊंचाई और जुलूस को लेकर चर्चा हुई, लेकिन बड़े ताजियों की मांग पर सहमति नहीं बन सकी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 10 से 12 फुट ऊंचाई तक के ताजियों के जुलूस निकालने की अनुमति दी जाएगी। बैठक में अमीरनगर, छतुरी और मोहम्मदपुर के ताजियादारों ने बड़े ताजियों को करबला में लाकर वहीं सजाने की मांग रखी, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए निर्धारित मानकों का पालन करने पर जोर दिया।
बैठक में वर्ष 2024 की घटना का भी जिक्र हुआ। गरदहा गांव का ताजिया अमीरनगर मोहर्रम मेले में लाते समय बिजली के तार की चपेट में आ गया था। हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि 19 लोग घायल हुए थे। बैठक में एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, सीओ मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी उमेशचंद्र चौरसिया मौजूद रहे।