मैलानी। पुलिस सराफा की दुकान में शनिवार की रात हुई चोरी का सुराग तीसरे दिन भी नहीं लगा सकी है। सीसी टीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
शनिवार की रात खुटार रोड पर पानी की टंकी के सामने स्थित एक सराफ की दुकान के ताले तोड़कर चोर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात चुरा ने जाने के साथ ही दुकान में लगा सीसी टीवी कैमरा और डीवीआर भी साथ ले गए थे। इससे जाहिर है कि चोर पेशेवर रहे होंगे। इसके अलावा पड़ोस की एक परचून की दुकान और कुछ ही दूर भीरा रोड स्थित शराब की दुकान के शटर के ताले भी टूटे मिले थे।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एएसपी नेपाल सिंह ने भी रविवार रात यहां पहुंचकर मौका मुआयना किया था। छुट्टी से वापस लौटे सीओ गोेला प्रवीण कुमार भी सोमवार रात लगभग साढ़े सात बजे यहां पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। एसओ देवेंद्र गंगवार ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ कर खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल अभी कोई ठोस क्लू पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
फॉरेंसिक टीम को मौके से फिंगर प्रिंट मिले हैं। फिंगर प्रिंट के सैंपल मिलान के लिए लैब भेजे गए हैं। सीसी फुटेज में दिख रहे कपड़ों के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं।
- प्रवीण कुमार, सीओ गोला