लखीमपुर खीरी। अपराधों और अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। पहली जून से अब तक पुलिस ने नौ शातिर अपराधियों की एक करोड़ 60 लाख की संपत्ति जप्त की है। इससे शातिर अपराधियों का मनोबल टूट रहा है।
एसपी पूनम ने बताया कि पहली जून से लेकर अब तक पुलिस ने मैलानी के शराब माफिया वेदू, ईसानगर के शातिर अपराधी जाबिर, नसरुल्ला समेत जिले के नौ शातिर अपराधियों की नाजायज तरीके से जुटाई गई एक करोड़ 60 लाख रुपये की संपत्ति जप्त करने की कार्रवाई की है। 20 शातिर अपराधियों की संपत्ति जप्त करने की कार्रवाई अभी चल रही है। 60 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी है। थानेवार चिह्नित किए गए टॉपटेन अपराधियों पर भी पुलिस की निगाह है। पुलिस उनके क्रियाकलापों पर नजर रख रही है। बृहस्पतिवार को चलाए गए अभियान में पुलिस ने विभिन्न मामलों के 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया। लंबे समय से फरार 26 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस चालान भेज चुकी है। 10 गैंग पंजीकृत किए गए हैं को इतने ही गैंग के पंजीकरण करने की कार्रवाई चल रही है, जिनमें छिनैती, लूट, वाहन चोरी, पशु चोर, गोकशी आदि के गैंग शामिल हैं। 10 साल से अपराधों में संलिप्त हर अपराधी का पुलिस सत्यापन कर रही है।
ये हुई कार्रवाई
60 हिस्ट्रीशीटर खोलीं गईं, 10 गैंग पंजीकृत हुए, 20 के पंजीकरण की कार्रवाई जारी, 30 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर लगा, कई पर कार्रवाई जारी, नौ शातिर अपराधियों की 1 करोड़ 60 लाख की संपत्ति जप्त की गई।