लखीमपुर खीरी। नया साल 2026 शुरू होते ही कई नए नियम भी लागू हो जाएंगे, जो आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डालेंगे। नए नियम डाकघर व परिवहन विभाग से संंबंधित भी हैं। इसके अलावा जिले में बृहस्पतिवार से ट्रेनों का समय भी बदल गया है। नए वाहन खरीदने के नियम में भी बदलाव हुआ है। प्रधान डाकघर में 24 घंटे स्पीड पोस्ट व पार्सल बुक सुविधा मिलेगी। साथ ही ओटीएस का दूसरा चरण शुरू हो गया है। आइए देखते हैं कि मुख्य बदलाव क्या हैं। संवाद
-
डाकघर में बुकिंग की 24 घंटे सेवा
-लखीमपुर के प्रधान डाकघर में 24 घंटे स्पीड पोस्ट व पार्सल बुक सुविधा मिलेगी। अब किसी भी समय स्पीड पोस्ट व पार्सल बुक का काम करा सकेंगे। गोला, मोहम्मदी, मैगलगंज, पलिया उप डाकघरों में बुकिंग सेवा का समय सुबह 10 से अपराह्न तीन की जगह अब चार बजे तक कर दिया गया है।
बिना प्रपत्र नहीं मिलेगी नए वाहन की डिलीवरी
नए वाहन खरीदने वाले ग्राहकों और वाहन विक्रेताओं के लिए नए साल से नियमों में बदलाव कर दिया है। अब किसी भी ऑटोमोबाइल शोरूम से नया वाहन तब तक बाहर नहीं निकल सकेगा, जब तक कि उसमें हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट फिट न हो जाए और उसका पंजीकरण प्रमाणपत्र तैयार न हो।
-
ओटीएस का दूसरा चरण शुरू
-विद्युत निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के पहले चरण में करीब हजारों की संख्या में उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। अब साल के पहले दिन बृहस्पतिवार से योजना का दूसरा चरण शुरू होगा जो 15 जनवरी तक चलेगा। उपभोक्ताओं को 80 प्रतिशत ही सरचार्ज में छूट का लाभ मिल सकेगा।
ट्रेनों का समय भी बदला
एक जनवरी से ट्रेनों के समय में बदलाव हुआ है। ट्रेन नंबर 55082 सीतापुर-मैलानी पैसेजर ट्रेन सीतापुर से पहले शाम 6:35 बजे मिनट छूटती थी, जिसका समय अब 6:10 बजे हो गया। ट्रेन नंबर 55360 मैलानी-पीलीभीत पैसेंजर मैलानी से सुबह 10:45 मिनट के बजाय 10: 40 मिनट पर छूटेगी। ट्रेन संख्या 55357 पीलीभीत-मैलानी पैसेंजर पीलीभीत से सुबह 6:55 मिनट के बजाय 7:10 मिनट पर छूटेगी। ट्रेन नंबर 55358 मैलानी-पीलीभीत पैसेंजर सुबह 5:20 मिनट के बजाय 5:35 बजे मैलानी से छूटेगी।