ग्राम पंचायतों की पुनर्गठन प्रक्रिया पूरी हो गई है। अनंतिम प्रकाशन के बाद मिली आपत्तियों का निस्तारण कराते हुए अंतिम सूची का निर्धारण कर लिया गया है, जिसे डीएम की स्वीकृति के बाद पंचायती राज निदेशालय भेजा गया है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद नई ग्राम पंचायतों की संख्या 174 से घटकर 172 रह गई है, जिसकी अधिसूचना निदेशालय की ओर से प्रकाशित की जाएगी।
बता दें कि जनपद में पहले से ही 995 ग्राम पंचायतें हैं। अब पुनर्गठन प्रक्रिया के बाद 172 नई ग्राम पंचायतें जनपद को मिल जाएंगी, जिससे ग्राम पंचायतों की संख्या 1167 हो जाएंगी। बताते चलें कि छह नवंबर को सूची का अनंतिम प्रकाशन कराया गया था, जिसके बाद विभिन्न ब्लाकों में करीब 100 आपत्तियां दर्ज की गईं थीं। मोहम्मदी ब्लाक में सबसे ज्यादा 26, पलिया में 16, बेहजम में 15, पसगवां में 14 नई ग्राम पंचायतों के गठन का प्रस्ताव था। इसी तरह सभी 15 ब्लाकों में नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया था, लेकिन जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के बाद शासन ने अनंतिम सूची का प्रकाशन कर आपत्तियां मांगीं थीं। आपत्तियों के निस्तारण में नवसृजित दो ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव में कमियां पाई गईं हैं, जिससे इन्हें बाहर कर दिया गया है। हालांकि अभी विभागीय अधिकारियों ने बाहर हुई इन दो ग्राम पंचायतों के नामों का खुलासा नहीं किया हैै, लेकिन निदेशालय से प्रकाशन के बाद तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी योगेंद्र कटियार ने बताया कि आपत्तियों का
निस्तारण करने के बाद अंतिम सूची निदेशालय भेज दी गई है, जहां से 31 दिसंबर
2014 तक सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
ब्लाक नई ग्राम पंचायतें
बांकेगंज 06
बेहजम 15
बिजुआ 09
धौरहरा 10
ईसानगर 11
कुंभी 12
लखीमपुर 09
मितौली 10
मोहम्मदी 26
नकहा 11
निघासन 06
पलिया 16
पसगवां 14
फूलबेहड़ 13
रमियाबेहड़ 06