मैलानी। कासगंज-ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस का संचालन 26 जुलाई से शुरू होगा। ट्रेन मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर और सीतापुर के रास्ते ऐशबाग तक जाएगी। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद पीलीभीत के पूरनपुर में हरी झंडी दिखाकर ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।
रेलवे बोर्ड ने नोटिफिकेशन के साथ समय सारिणी जारी कर दी है। इसके मुताबिक लखीमपुर और गोला गोकर्णनाथ स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव रहेगा, लेकिन ठहराव का समय अभी घोषित नहीं किया गया है।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की मांग पर कासगंज-ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस को पिछले महीने रेल मंत्रालय ने मंजूरी दी थी। रेलवे बोर्ड के निदेशक कोचिंग संजय आर नीलम की ओर से 22 जुलाई को जारी नोटिफिकेशन में ट्रेन की समय सारिणी जारी की गई है।
ट्रेन नंबर 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस कासगंज से सुबह 4:20 बजे प्रस्थान कर बदायूं से 5:25, बरेली से 6:15, इज्जतनगर से 6:37 और पीलीभीत से 7:40 बजे चलकर मैलानी सुबह 9:25 बजे पहुंचेगी। मैलानी से सुबह 9:30 बजे प्रस्थान कर सीतापुर से 10:52 बजे छूटेगी और दोपहर एक बजे ऐशबाग पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 15311 ऐशबाग से दोपहर दो बजे प्रस्थान कर सीतापुर से 3:20 बजे छूटकर शाम 5:15 बजे मैलानी पहुंचेगी। मैलानी से 5:25 बजे प्रस्थान कर पीलीभीत से 6:45, इज्जतनगर से 7:35, बरेली से 8:10 और बदायूं से रात 9:10 बजे प्रस्थान कर 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी। ट्रेन का संचालन प्रतिदिन होगा।
लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ के ठहराव का समय घोषित नहीं
कासगंज-ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस का ठहराव जिला मुख्यालय लखीमपुर और छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ स्टेशनों पर रहेगा। फिलहाल समय सारिणी में इन स्टेशनों पर ठहराव का समय घोषित नहीं किया गया है।
-
तहसील और जिला मुख्यालय जाने वाले दैनिक यात्रियों को होगा फायदा
गोला गोकर्णनाथ और लखीमपुर में ट्रेन का ठहराव होने से तहसील और जिला मुख्यालय कामकाज से जाने वाले दैनिक यात्रियों को फायदा होगा। ट्रेन में 16 लिंक होफमैन बुश कोच लगाए जाएंगे।