गोला गोकर्णनाथ। सोमवार की रात खुटार रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक शिशुपाल की मौके पर ही मौत हो गई। उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। मारुति वैन चालक के खिलाफ हैदराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोमवार रात मैलानी थाना क्षेत्र के गांव छत्तीपुर राजा निवासी राम सिंह का 35 वर्षीय पुत्र शिशुपाल अर्कवंशी बाइक से अपने चाचा पंकज के साथ गोला से घर जा रहा था। अहमदनगर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मारुति वैन बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद मारुति वैन रोड के किनारे पक्की रेलिंग में जा घुसी। हादसे में शिशुपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। वैन चालक को भी चोटें आई हैं।
पंकज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, मौका पाते ही वैन चालक भाग गया। मृतक के चचेरे भाई रिंकू अर्कवंशी ने हैदराबाद थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। संवाद
फाइल फोटो शिशुपाल अर्कवंशी