शाहपुरा कोठी के पास हंगामा करते परिजन
लखीमपुर खीरी। मुरादनगर-बड़ागांव में रहने वाले रामलोटन ने शहपुरा कोठी के पास स्थित एक दुकान के संचालक पर बेटे को गायब करने का आरोप लगाया। मंगलवार को परिजनाें ने दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया और कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।
मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे शाहपुरा कोठी चौराहे पर स्थित दुकान पर हंगामा होते देख मौके पर भारी भीड़ लग गई। सदर कोतवाली के मुरादनगर निवासी रामलोटन और उनके परिजन संचालक पर 20 वर्षीय बेटे हिमांशू को गायब कर देने का आरोप लगा रहे थे। बताया कि हिमांशू रविवार को अपना लैपटॉप बनवाने के लिए दुकान पर आया था। दोपहर करीब तीन बजे दुकान से फोन गया कि हिमांशू ने दुकान में चोरी की है। रामलोटन दुकान पर पहुंचे, तो बेटा वहां नहीं मिला।
दो दिन बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन दुकान पर पहुंचे और हंगामा किया। अपराध निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि परिजन दुकानदार पर बेटे को गायब करने का आरोप लगा रहे हैं। जांच की जा रही है। सीसी कैमरे में युवक दुकान से जाता हुआ दिखा है।
हंगामे के बाद दुकान में लगा ताला
परिजनों के हंगामे के बाद दुकानदार ने दुकान बंद कर दी। आरोप है कि युवक ने इंक कॉर्टेज चोरी की थी। दुकानदार ने युवक को पकड़ लिया। युवक के साथ मारपीट भी की गई। परिजनों को सूचना देकर युवक को बैठा लिया गया।