गौरीफंटा। कोतवाली पुलिस ने अवैध जंगल मार्ग से नेपाल ले जाए जा रहे कपड़े, ड्राई फ्रूट और तंबाकू के साथ एक नेपाली महिला कैरियर को पकड़ा है। पुलिस ने बरामद माल का 29 हजार रुपये का सीजर कर महिला को सामान समेत गौरीफंटा कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।
गौरीफंटा कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि एसआई प्रमीत कुमार, सिपाही विनीत कुमार और महिला कांस्टेबल नाहिद परवीन बनगंवा मंडी से करीब 500 मीटर दूर पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला सामान लेकर अवैध जंगल मार्ग की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोककर एक प्लास्टिक बोरे, काली थैली और पिट्ठू बैग समेत पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम ईश्वरी कुमारी भट्ट पत्नी गंगाराम भट्ट निवासी केलपाल मांडो गाविसा, जिला डेडेलधुरा तथा हाल पता जोरायल गांव पालिका वार्ड नंबर छह, जिला डोटी (नेपाल) बताया। तलाशी में 29 लेडीज सूट पीस, चार साड़ी, 20 पैकेट काजू, 20 पैकेट बादाम, 10 पैकेट खजूर और 10 सिस्टम तंबाकू की लड़ी बरामद हुई। बरामद माल की अनुमानित कीमत 29 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सामान का सीजर कर महिला को गौरीफंटा कस्टम के सुपुर्द कर दिया।