- आरोपी युवक ने बताया, तगादा वसूलकर लौट रहा था
- पूछताछ के बाद युवक को निजी मुचलके पर छोड़ा
- आयकर विभाग को भेजा जाएगा प्रकरण
इंडोनेपाल बार्डर पर गश्त के दौरान एसएसबी पोस्ट बरसोला और खखरौला के जवानों ने नेपाल से नेपाली और भारतीय नकदी लेकर आ रहे एक भारतीय युवक को तलाशी के दौरान हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद युवक को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है, जबकि संपूूर्ण प्रकरण आयकर विभाग को भेजा जा रहा है।
एसएसबी पोस्ट बरसोला इंचार्ज नारायण नाथ ने बताया कि शुक्रवार की रात खखरौला पोस्ट पर जवान गश्त पर थे, इस बीच नो मेंस लैंड के पिलर संख्या 102 के अंदर नेपाल से भारत की ओर बाइक से आ रहे युवक को रोका गया। तलाश के दौरान बैग में दो लाख आठ हजार की नेपाली करेंसी और 98 हजार तीन सौ पचास रुपयों की भारतीय मुद्रा पुराने रुपयों की बरामद हुई है। बरामद नकदी में पांच सौ के 104 और एक हजार के 43 नोट शामिल हैं। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद यूसुफ निवासी पलिया कलां बताया है। यूसुफ ने बताया कि वह मछली का व्यापारी है और नेपाल में मछली बिक्री करता है, जिसका तगादा वसूल कर वह वापस आ रहा था। करेंसी समेत युवक की बाइक कोतवाली पुलिस के हवाले की गई। इस बाबत कोतवाली तिकुनियां के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि युवक को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है। साथ ही समस्त प्रकरण आयकर विभाग को भेजा जा रहा है। आयकर विभाग की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।