भारत विरोधी नारेबाजी के साथ किया विरोध प्रदर्शन
दोनों तरफ तैनात रहा काफी संख्या में फोर्स
बसही बार्डर पर हुई घटना के बाद एक नेपाली की मौत के बाद नेपाल के धनगढ़ी शहर में नेपाली नागरिकों में आया उबाल बरकरार है। नेपालियों ने हजारों की संख्या में अस्पताल में एकत्र होकर विशाल जुलूस निकाला। जो बार्डर से सटे ढोके बाजार से होता हुआ बसही वापस गया। नेपालियों ने भारत विरोधी नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि भारत नेपाल सीमा के बसही बार्डर पर नेपाली नागरिकों और भारतीय सुरक्षा तंत्र में हुए बवाल तथा कथित गोली लगने से एक नेपाली गोविंद गौतम की हुई मौत के बाद नेपाल के जिला कैलाली के शहर धनगढ़ी में नेपाली संगठन और नागरिक नाराज हो गए थे। शनिवार को तो मामला शांत रहा, आवागमन भी जारी हो गया, लेकिन रविवार को हजारों की संख्या में नेपाली धनगढ़ी स्थित अस्पताल में एकत्र हुए और इसके बाद जुलूस निकाला। जुलूस धनगढ़ी शहर, भंसार होता हुआ ढोके बाजार पहुंचा। यहां पर नेपालियों ने भारतीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। हजारों की संख्या में नेपालियों को देखते हुए नेपाल पुलिस और एसएसबी सकते में आ गई तथा आनन-फानन में ढोके बाजार में काफी संख्या में नेपाली पुलिस बल और एपीएफ फोर्स को लगा दिया गया। उधर सूचना पर भारतीय पुलिस बल और एसएसबी जवान भी सतर्क हो गए। पलिया एसडीएम शादाब असलम, बरेली क्राइम ब्रांच एसपी एमपी सिंह, पलिया सीओ जितेन्द्र गिरि, एसएसबी कमांडेंट वीएस सिद्धू, डिप्टी कमांडेंट एसडी शेरखाने, गौरीफंटा कोतवाल अजीत कुमार, चौकी इंचार्ज तुलसीराम चौरसिया सहित भारी संख्या में पुलिस बल व एसएसबी जवान मौजूद रहे।
जुलूस के दौरान बंद रही सीमा
भारत-नेपाल के गौरीफंटा बार्डर पर नेपालियों द्वारा निकाले गए जुलूस के दौरान सीमा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। काफी संख्या में फोर्स दोनों तरफ जमी रही।
जीप में मृतक का पोस्टर लगाकर निकाल रहे थे जुलूस
जुलूस के दौरान एक जीप सबसे आगे चल रही थी जिसमें मृतक नेपाली युवक गोविंद गौतम का पोस्टर लगा था जिसपर माला चढ़ी हुई थी। इस जीप के पीछे काफी संख्या में नेपाली नारेबाजी करते हुए चल रहे थे।
ढोके बाजार के दुकानदारों में फैली दहशत
सीमा से सटे ढोके बाजार के दुकानदारों में उस समय दहशत फैल गई। जब हजारों की संख्या में नेपालियों का जुलूस वहां पहुंचा। जुलूस में जमकर नारेबाजी हो रही थी जिसके कारण नेपाली दुकानदार खासे सहमे दिखाई दिए।
दोनों देशों के अधिकारियों ने की बातचीत
जुलूस के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने एक-दूसरे से बातचीत कर जुलूस के बारे में चर्चा की। भारतीय कस्टम चेक पोस्ट पर आए नेपाली अधिकारियों ने काफी देर तक भारतीय एसएसबी अधिकारियों से चर्चा की।
नेपाल के भीतरी इलाके के भारतीयों में भी दहशत
बसही नोमैसलैंड पर हुए बवाल के बाद नेपाल के भीतरी शहरों में रह रहे भारतीयों में दहशत बढ़ती जा रही है। बता दें कि बसही नोमैसलैंड के पार नेपाल में उपद्रवी नेपालियों ने दो तीन दुकानों को आग के हवाले कर दिया था।
नोमैसलैंड पर तैनात है काफी तादाद में एसएसबी
बसही बार्डर पर एसएसबी खासी तादाद में तैनात है। शनिवार की ही तरह यहां कोई भी नेपाली रविवार को नहीं आने दिया गया। जिससे राहत रही। इस स्थान की सीमा पार नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं।