धनगढ़ी (नेपाल)। भोटेकोसी नदी की बाढ़ ने नेपाल में भारी तबाही मचाई है। आठ दिन में 1127 लोगों के शव मिल चुके हैं, जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव दल 292 घायलों समेत 11993 लोगों को सुरक्षित बचा चुके हैं। सेना, एपीएफ, पुलिस और स्वयंसेवक अब भी लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
बाढ़ का असर रसुवा के अलावा चितवन, धादिंग, तनहूं, गोरखा, नुवाकोट और नवलपरासी के नदी इलाकों में है। बुधवार तक रसुवा में 41, नुवाकोट में 155, धादिंग में 59 और गोरखा में 66 शव मिले हैं। नवलपरासी पूर्व में 217, नवलपरासी पश्चिम में 190, तनहूं में 38 और चितवन में 348 शव बरामद हुए हैं।
सुदूरपश्चिम प्रदेश पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता और एसएसपी पदम बहादुर विष्ट ने बताया कि प्रदेश के 184 लापता लोगों में से 42 मिल गए हैं। 142 लोग अब भी संपर्कविहीन हैं। नेपाली सेना, एपीएफ, पुलिस और स्वयंसेवक लापता लोगों की तलाश में लगे हैं।
राहत और बचाव अभियान जारी
तलाश अभियान रसुवा, टिमुरे, त्रिशूली और धुंचे नदी क्षेत्रों में केंद्रित है। आठ दिन बाद भी शव और घायल मिल रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में धनगढ़ी-कैलाली सहित देशभर से राहत सामग्री भेजी जा रही है।
सरकार के राहत कोष में बुधवार सुबह तक 7 अरब 88 लाख 57 हजार 257 रुपये जमा हुए हैं। इसमें से बाढ़ प्रभावित जिलों को करीब एक अरब रुपये से अधिक की रकम दी गई है।