खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते एसएसबी अधिकारी। स्रोत: एसएसबी
पलियाकलां। भारत-नेपाल सीमा पर आपसी सौहार्द और समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 39वीं वाहिनी एसएसबी पलिया की सीमा चौकी सुंडा में मैत्री वॉलीबॉल मैच का आयोजन हुआ। मुकाबला एसएसबी की सीमा चौकी सुंडा और नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) 34वीं वाहिनी की सीमा चौकी फुलवारी की टीमों के बीच खेला गया।
मैच रोमांचक और कांटे का रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, उच्च स्तर का अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। पांच सेट तक चले मुकाबले में एपीएफ नेपाल की फुलवारी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 3-2 से जीत दर्ज की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 39वीं वाहिनी एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट द्वितीय कमान अधिकारी माधब चन्द्र घोष रहे। मैच के समापन पर उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और ऐतिहासिक दोस्ताना संबंध और अधिक मजबूत होते हैं।
उन्होंने दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसएसबी और एपीएफ नेपाल के कई अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।