दोंदा नदी से महिलाओं को निकालते हुए। स्रोत: सोशल मीडिया
धनगढ़ी (नेपाल)। सीमा से लगे कंचनपुर जिले की पुनर्वास नगर पालिका क्षेत्र में दोंदा नदी और बाहुन नाले में आई बाढ़ के कारण शनिवार सुबह जंगल में घास और लकड़ी लेने गईं 20 महिलाएं फंस गईं। सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ के जवानों ने रेस्क्यू कर सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कैलाली जिले के अतरिया स्थित नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) 7वीं वाहिनी मुख्यालय के डीआईजी दिग्विजय सुवेदी ने बताया कि कंचनपुर जिले की पुनर्वास नगर पालिका के वार्ड नौ सीतावस्ती से पांच और हरियाली टोल से 15 महिलाएं नदी-नाला पार कर जंगल में घास और लकड़ी लेने गई थीं।
पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक बारिश होने से सीतावस्ती के पास बह रही दोंदा नदी और हरियाली टोल के पास बाहुन नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे दोनों में बाढ़ आ गई। इसके चलते महिलाएं जंगल में फंस गईं। सूचना पर एपीएफ डीएसपी शांत बहादुर सुनार के नेतृत्व में पहुंचे जवानों ने सभी महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।