न टूरिस्ट न वीआईपी, शुरुआत में सिर्फ फोटोग्राफी
दुधवा नेशनल पार्क का नया पर्यटन सत्र 15 नवंबर से
17 से 21 तक दुधवा में होगी इंटरनेशनल फोटोग्राफी
दुधवा नेशनल पार्क के नए पर्यटन सत्र की शुरुआत पर इस बार न ज्यादा टूरिस्ट नजर आएंगे और न ही वीआईपी का जमावड़ा होगा। 15 नवंबर से शुरू होने वाले पर्यटन सत्र के शुरुआती सात दिनों में सिर्फ नेचर फोटोग्राफी होगी। यहां 17 से 21 नवंबर तक वाइल्ड क्लिक इंटरनेशनल नेचर फोटोग्राफी कंपटीशन होने जा रहा है। इसमें देश-विदेश के 92 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। फोटोग्राफी कंपटीशन के लिए 15 से 25 नवंबर तक दुधवा नेशनल पार्क की बुकिंग ब्लाक कर दी गई है।
दुधवा नेशनल पार्क की ब्रांडिंग और प्रचार प्रसार के लिए मुख्यमंत्री की पहल पर कैनन वाइल्ड क्लिक इंटरनेशनल नेचर फोटोग्राफी कंपटीशन का आयोजन किया जा रहा है। इस कंपटीशन में देश विदेश के कुल 92 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता कैनन के मैनेजिंग डायरेक्टर शिवांग मोहन और अभिलाषा यादव के निर्देशन में हो रही है। फोटोग्राफी कंपटीशन का निर्णय करने के लिए निर्णायक मंडल की टीम भी साथ रहेगी।
पांच दिन चलने वाले इस कंपटीशन में ली गई तस्वीरों में से चयनित तस्वीरों को दुधवा नेशनल पार्क की ब्रांडिंग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। जिन फोटोग्राफरों के चित्र चयनित किए जाएंगे उन्हें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक समारोह में सम्मानित करेंगे। यह फोटोग्राफी दुधवा नेशनल पार्क और किशनपुर सेंक्चुरी में होगी। फोटोग्राफी का विषय दुधवा के प्राकृतिक दृश्य और यहां मिलने वाले वन्यजीव, पक्षी, पेड़ पौधे और वनस्पतियां होंगे। फोटोग्राफी के लिए 31.92 लाख रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। उपनिदेशक, दुधवा नेशनल पार्क महावीर कौजलगि का कहना है कि दुधवा नेशनल पार्क के सभी गेस्ट हाउस और थारूहट 15 से 25 नवंबर तक वाइल्ड क्लिक इंटरनेशनल नेचर फोटोग्राफी में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। यह फोटोग्राफी कंपटीशन दुधवा नेशनल पार्क की ब्रांडिंग के लिए हो रही है।
15 से 25 नवंबर तक खाली नहीं रहेंगे पर्यटक आवास
इंटरनेशनल फोटोग्राफी में हिस्सा लेने के लिए आने वाले प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था दुधवा और सठियाना पर्यटक आवास के अलावा किशनपुर सेंक्चुरी में की गई है। इसके चलते 15 नवंबर से 25 नवंबर तक दुधवा नेशनल पार्क की बुकिंग ब्लाक कर दी गई है।