खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच से नवाजते अतिथि। स्रोत : आयोजक
मझगईं। ग्राम पंचायत खैहरना के लोधपुरवा गांव में चल रहे डॉ. मोहम्मद हसन नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम क्वार्टर फाइनल में नौशाद इलेवन ने बम्हनपुर को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अनिकेत को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बम्हनपुर की टीम नौशाद इलेवन के गेंदबाजों के सामने 12 ओवर में 72 रन पर सिमट गई। बम्हनपुर की ओर से सचिन ने 32 और पुष्पेंद्र ने 12 रन बनाए। कप्तान अनुज जायसवाल और सत्यम खाता भी नहीं खोल सके।
नौशाद इलेवन की ओर से अनिकेत ने तीन ओवर में सात रन देकर पांच विकेट झटके। रंजीत और राजा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दिनेश को एक सफलता मिली। 73 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नौशाद इलेवन ने 5.3 ओवर में चार विकेट खोकर मैच जीत लिया। बम्हनपुर के गेंदबाज फरमान ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। पांच विकेट लेने और उपयोगी चार रन बनाने वाले अनिकेत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आयोजक अफजल हुसैन, इमरान हुसैन और हिदायत अली ने बताया कि दूसरा सेमीफाइनल शनिवार दोपहर दो बजे से पलिया और नौशाद इलेवन के बीच खेला जाएगा।
मैच में निसार अहमद और डॉ. जुबैर ने अंपायरिंग, जबकि जावेद मंसूरी ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी निभाई। विवेक सक्सेना और मोईद राजा ने कमेंट्री की। इस दौरान अतीक अहमद समेत बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।