फरधान। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक की राज्य स्तरीय टीम ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। टीम ने सीएचसी परिसर की सफाई, बीएमडब्ल्यू लेबर रूम आदि कक्षों का निरीक्षण कर मूल्यांकन किया। साथ ही उदयपुर महेवा और भंसाडिया में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का भी निरीक्षण किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान के अधीक्षक डॉ. अमित वाजपेई ने बताया कि महाप्रबंधक चाइल्ड हेल्थ डॉ. सूर्यांश ओझा ने अपनी टीम के सदस्यों के साथ सीएचसी फरधान के परिसर, बीएमडब्ल्यू, लेबर रूम आदि कक्षों का मूल्यांकन किया। सीएचसी क्षेत्र के ग्राम पंचायत उदयपुर महेवा और भंसाडिया के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया। आयुष्मान मंदिर में मरीजों को मिलने वाली विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की।
इस दौरान सीएचसी फरधान में उपलब्ध सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मियों की मरीजों के साथ होने वाले व्यवहारों की भी जानकारी ली गई। अधीक्षक ने बताया टीम इसी को आधार बनाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अंक देगी। इसमें मुख्य रूप से जनरल क्लीनिक के साथ-साथ मातृत्व स्वास्थ्य, नवजात शिशु और सामान्य शिशु की जांच सुविधा, गर्भवती महिलाओं और शिशुओं का टीकाकरण व्यवस्था, परिवार नियोजन सुविधा, संचारी रोग, गैर संचारी रोग नियंत्रण सुविधा, इमरजेंसी सुविधा, ड्रेसिंग की व्यवस्था, फार्मेसी व्यवस्था, लैबोरेटरी की सुविधा, अस्पताल परिसर में मरीजों के बैठने की व्यवस्था और अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था महत्वपूर्ण है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित वाजपेई, डीपीएम अनिल यादव, बीपीएम रविंद्र, बीसीपीएम दिनेश कुमार, एचएस विनीत अवस्थी, ऑपरेटर कपिल मिश्रा समेत स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।