मोहम्मदी, निघासन और धौरहरा की जनसभा में भाजपा सांसद आदित्यनाथ ने उठाया कानून व्यवस्था की मुद्दा
गोरखपुर से भाजपा सांसद आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश को बचाने के लिए हिंदू एकजुट हों। सपा और बसपा ने पहले प्रदेश को दंगे की आग में झोंका, अब दोनों पार्टियां मुस्लिमों को टिकट देने की प्रतिस्पर्धा में लगी हैं। गुरुवार को उन्होंने मोहम्मदी, निघासन और धौरहरा में सभाएं कर भाजपा के लिए वोट मांगे।
मोहम्मदी के रामलीला मैदान पर हुई जनसभा में भाजपा सांसद ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर प्रहार करते हुए भाजपा प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब वह गोरखपुर में चुनाव जीते तो अपने यहां इस्लामनगर को नाम बदलकर ईश्वरनगर और मियांपुर का नाम बदलकर मायापुर कर दिया। उन्होंने लोगों से कहा ऐसे प्रत्याशी को चुनाव जिताकर भाजपा की सरकार बनवा देना, जो मोहम्मदी का नाम बदलवा सके। उन्होंने कहा कि 27 साल यूपी बेहाल का नारा लगाने वाले अब उन्हीं से मिल गए हैं। उन्होंने मोहम्मदी को जिला बनाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि जिला बनने पर लोगों को बिजली, शिक्षा, चिकित्सा सहित तमाम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और लोगों को 65 किमी की दौड़ लगाने से राहत मिलेगी। सभा को श्यामकिशोर अवस्थी, प्रदीप बाजपेई, रामखिलावन मिश्रा, विजय गुप्ता, जयकरन बाजपेई, सांसद रेखा वर्मा, प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन मनोज वर्मा ने किया। इस मौके पर जयकरन नाथ मिश्रा, जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा, कुलभूषण सिंह आदि मौजूद रहे। इस मौके पर सरदार महेंद्र सिंह ने योगी को तलवार और सरोपा भेंट किया।
निघासन के प्लाईवुड फैक्ट्री के मैदान पर भाजपा उम्मीदवार रामकुमार वर्मा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में अपने बीस मिनट के भाषण में योगी ने कहा कि सपा सरकार के दौरान किसान बर्बाद हो गया। हमको कहीं बाहर यह बताने तक में शर्म आती है कि हम यूपी के हैं। सपा और बसपा ने प्रदेश में अराजकता, अपराध और भ्रष्टाचार का माहौल दिया है। इस दौरान बिहार से आए विधायक राजीव नंदन मौर्य, उमेश मिश्र, विकास गुप्ता, सांसद रेखा वर्मा, श्यामसुंदर पांडे, दयाशंकर मौर्य, विनोद लोधी, यशोदानंदन और केबी गुप्ता समेत बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।
धौरहरा की सभा में सिसैया पहुंचे योगी आदित्यनाथ का स्वागत प्रत्याशी बाला प्रसाद अवस्थी ने उन्हें मंच पर चांदी का मुकुट पहनाकर किया। यहां भी आदित्यनाथ ने सपा बसपा पर प्रहार किया। इस मौके पर सांसद रेखा वर्मा, कौशल तिवारी, अनूप शुक्ला, रमाशंकर शुक्ल, नरेंद्र वर्मा सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।