सिंगाही। नगर पंचायत सिंगाही क्षेत्र के भेड़ौरा मोहल्ले में करीब 32 लाख रुपये की लागत से नए मुक्तिधाम का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह निर्माण सरकार की अंत्येष्टि स्थल निर्माण योजना के तहत कराया जा रहा है। मुक्तिधाम बनने से भेड़ौरा, छावनी समेत आसपास के चार वार्डों के लोगों को अंतिम संस्कार की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कयूम ने स्थानीय लोगों की मांग पर शासन से 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई थी। साथ ही नगर पंचायत की ओर से भी अतिरिक्त राशि जोड़कर कुल 32 लाख रुपये में निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। नए मुक्तिधाम में छायादार चबूतरा, बैठने के लिए बरामदा, स्नान के लिए बोरिंग और पक्की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। चेयरमैन ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार में आ रही परेशानियों से लोगों को राहत मिलेगी।
फिलहाल, नगर में दो मुक्तिधाम हैं, जिनमें एक निघासन रोड पर है, जहां आठ वार्डों के लोग अंतिम संस्कार करने आते हैं। वहीं दूसरा स्थल जौराहा नदी के किनारे है, जहां सुविधाओं का अभाव है। नया मुक्तिधाम इन समस्याओं को दूर करेगा।