खमरिया। रोजी-रोटी की तलाश में दो माह पहले घर से निकले चाचा-भतीजे की मौत की खबर पहुंची तो हरदी गांव में मातम पसर गया। हरियाणा के सोनीपत स्थित पॉलीफॉम फैक्टरी में आग लगने से दोनों की जान चली गई।
धौरहरा क्षेत्र के हरदी गांव निवासी सुनील पाल (20) पुत्र रामनरेश पाल और उसके चाचा कन्हैया पाल (32) पुत्र सियाराम सोनीपत में मजदूरी करते थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों सोनीपत के सफियाबाद रोड स्थित सेक्टर-42 के खेड़ी मनाजात गांव में किला नंबर 14 के पास स्थित लीजेंड पॉलीफॉम्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में काम करते थे। परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए दोनों करीब दो माह पहले घर से निकले थे।
बताया गया कि बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे फैक्टरी में आग लग गई। हादसे के बाद सुनील और कन्हैया का पता नहीं चला। दोनों के लापता होने की सूचना मिली तो परिवार के लोग परेशान हो उठे और सोनीपत के लिए रवाना हो गए।
कन्हैया के तीन छोटे बच्चे रोहित (10), हिमांशु (8) और छोटू (5) हैं। उसकी पत्नी की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो गई थी। अब पिता का साया भी उठ जाने से तीनों बच्चों के सिर से मां-बाप दोनों का साया छिन गया। सुनील अविवाहित था और दो भाइयों में मझला था।
सुनील पाल
सुनील पाल