लखीमपुर खीरी। त्योहारों पर घरों को पीतल के बर्तनों की चमक से सजाने की तैयारी शुरू हो गई है। करवाचौथ के साथ बर्तन बाजार में रौनक बढ़ने लगी है।
ओयल की पीतल नगरी के कारखानों से लेकर लखीमपुर शहर की दुकानों तक कारोबारी त्योहारों की मांग को देखते हुए तैयारियों में जुटे हैं। दुकानों पर बर्तनों को सजाया जा रहा है, वहीं कारोबारियों को धनतेरस पर बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
शहर के बर्तन बाजार, मेन रोड, सदर चौराहा और बेहजम रोड स्थित दुकानों पर कारोबारी ग्राहकों के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। दुकानदार युवराज तिवारी, गोपाल सिंह, लक्ष्मी और कृष्ण कुमार पांडेय का कहना है कि करवा चौथ के बाद खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है। धनतेरस पर बर्तनों की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए दुकानों पर सामान सजाया जा रहा है।
पीतल के बर्तनों के लिए पहचान रखने वाले ओयल में भी कारखानों में तैयारियां चल रही हैं। यहां से पीतल के बर्तनों की आपूर्ति लखीमपुर के बाजार तक होती है। त्योहारों के नजदीक आने के साथ ओयल के पीतल बाजार से लेकर शहर की दुकानों तक खरीदारी का माहौल बनने लगा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस पर पीतल के साथ अन्य घरेलू बर्तनों की मांग भी बढ़ेगी।
-
बाजार में बर्तनों के भाव
- स्टील: 250 से 500 रुपये किलो
- पीतल: 1000 से 1200 रुपये किलो
- एल्युमिनियम: 400 से 500 रुपये किलो
- तांबा: 1400 से 1500 रुपये किलो
- पीतल के करवा: 500 से 2000 रुपये प्रति पीस
- स्टील के लोटे: 500 से 600 रुपये प्रति पीस
- स्टील की थाली: 100 से 250 रुपये प्रति पीस
- पीतल की थाली: 1000 रुपये से शुरू
नोट : ये मूल्य दुकानदारों के मुताबिक हैं।