निघासन। निघासन-पलिया हाइवे पर लुधौरी रेंज के पास तेज रफ्तार ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ऑटो लेकर मौके से भाग गया।
पुरैना निवासी सूरज अपनी मां दयावती के साथ किसी कार्य से लुधौरी गया था। लौटते समय लुधौरी में सामने से तेज गति से आ रहे ऑटो से उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सूरज और उसकी मां दयावती सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दयावती को सिर, कंधे और आंख में गंभीर चोटें आ गईं, जबकि सूरज के कान में चोट लगी है। राहगीरों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल सूरज ने बताया कि ऑटो चालक टक्कर मारने के बाद मौके से भाग निकला। संवाद