रमियाबेहड़। मझगईं थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बौधिया कला में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे लगी भीषण आग में आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख हो गए। घटना में लाखों रुपये का घरेलू सामान, नकदी, जेवरात, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।
आग से ब्रह्मादीन यादव, बबलू यादव, राजाराम गौतम, दीपक गौतम, प्रदीप गौतम, रवि और रंजीत गौतम सहित कई परिवार प्रभावित हुए। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर मझगईं थानाध्यक्ष अनिल कुमार पंकज और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग नियंत्रित होने से आसपास के अन्य घर बच गए। जानकारी मिलते ही निघासन खंड विकास अधिकारी जयेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। संवाद