लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। बोर्ड ने परीक्षा की तैयारी करने के लिए मॉडल पेपर जारी कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षार्थी माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मॉडल पेपर डाउनलोड कर उनसे परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की मंशा है कि छात्रों को पश्नपत्र के बदले पैटर्न से अवगत करा दिया जाए, जिससे परीक्षा की तैयारी करने में उन्हें आसानी रहे। इसलिए बोर्ड ने कई विषयों के मॉडल पेपर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षा फरवरी 2019 में होनी है। छात्र अच्छी तरह से पेपरों की तैयारी कर सके, इसके लिए बोर्ड ने इंटरमीडिएट के हिंदी, सामान्य हिंदी, इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, फिजिक्स एवं केमेस्ट्री और हाईस्कूल के सामाजिक विज्ञान, खुदरा व्यापार, ऑटोमोबाइल, आईटी के मॉडल पेपर अपलोड किए हैं। हालांकि इससे पहले बोर्ड सभी विषयों के मॉडल पेपर जारी करता था। मगर, इस बार कुछ विषयों के ही मॉडल पेपर जारी हुए हैं। जबकि शेष विषयों के मॉडल पेपर जारी होने में अभी कुछ समय और लगेगा। डीआईओएस डॉ. आरके जायसवाल का कहना है कि मॉडल पेपर से अभ्यास कर छात्र परीक्षा में अच्छे अंक ला सकते हैं। हालांकि कई प्रकाशक मॉडल पेपर जारी करते हैं, लेकिन यूपी बोर्ड से जारी मॉडल पेपर काफी उपयोगी साबित होंगे। छात्र इनके प्रिंट आउट निकलवाकर अभ्यास करना शुरू कर दें।