एसपी से मिलकर निकलते विधायक अरविंद गिरि।
एसपी संजीव सुमन और विधायक अरविंद गिरि ने धरने की बात की खारिज
विधायक बोले, सावन मेला से जुड़े मुद्दों को लेकर थी नाराजगी, जो अब दूर हुई
लखीमपुर खीरी/ गोला गोकर्णनाथ। पुलिस से नाराजगी को लेकर रविवार को गोला विधायक अरविंद गिरि की एसपी दफ्तर के बाहर अकेले ही धरने पर बैठने की वायरल हो गई। हालांकि, उन्होंने और एसपी संजीव सुमन दोनों ने धरने की बात खारिज की है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को गोला विधायक अरविंद गिरि लखनऊ से सीधे जिला मुख्यालय पहुंचे और एसपी संजीव सुमन से मिलने उनके ऑफिस गए। इस बीच यह खबर फैल गई कि पुलिस से नाराजगी को लेकर वह एसपी दफ्तर के बाहर अकेले धरने पर बैठ गए। हालांकि, विधायक अरविंद गिरि ने धरने की बात खारिज करते हुए कहा कि सावन मेला से जुड़े मुद्दों को लेकर नाराजगी थी, जिस पर एसपी से मिलने गए थे। मामले में बात हुई है और एसपी ने संबंधित मुद्दों के निपटारा करने को लेकर आश्वस्त किया है। उधर, एसपी संजीव सुमन ने कहा कि धरने जैसी कोई बात नहीं है। वह मिलने आए थे और उनसे सामान्य बातचीत हुई है।
इधर, विधायक के गोला स्थित अपने फार्म हाउस पर पहुंचते ही सीओ राजेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार उपाध्याय एक ही गाड़ी से उनसे मिलने पहुंचे और बंद कमरे में काफी देर तक वार्ता की।