लखीमपुर खीरी। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) का बृहस्पतिवार को जिले के 15 ब्लॉकों की चयनित दो-दो ग्राम पंचायतों में शुभारंभ हुआ। प्रत्येक स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखी और सुनी।
सदर ब्लॉक के खेतौसा गांव स्थित पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मिशन का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार की मंशा ग्रामीण परिवारों को रोजगार, आजीविका और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इसके तहत पात्र परिवारों को 125 दिनों का रोजगार और प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी दी जाएगी।
डीआरडीए के पीडी सतीश कुमार पाण्डेय ने कहा कि विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। इससे ग्रामीण रोजगार, आजीविका सुरक्षा और गांवों के सतत विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पांच महिला और पांच पुरुष श्रमिकों को फावड़ा एवं तसला वितरित किए गए। इसके बाद छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
डीसी मनरेगा अमित कुमार परिहार ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से यह योजना सभी ब्लॉकों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में लागू की जाएगी, ताकि हर गांव के लोगों को रोजगार मिल सके।