सुंदरवल (लखीमपुर खीरी)। पंजाब में मजदूरी कर रहे युवक का शव संदिग्ध हालात में कमरे में लटका मिला। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। घर वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पंजाब पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया है।
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव सिसौरा निवासी आकाश राज (22) पुत्र डालचंद दो महीने पहले मजदूरी करने पंजाब गया था। वहीं पर किराये का कमरा लेकर अकेला ही रहता था। मंगलवार सुबह जब देर तक कमरा नहीं खुला तो मकान मालिक ने कमरे की कुंडी खटखटाई। दरवाजा अंदर से बंद होने और काफी देर तक किसी भी तरह का कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा तो देखा आकाश का शव छत के कुंडे से लटक रहा था। मोबाइल में मिले घर के नंबर पर परिजन को और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजन के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के पिता डालचंद ने बेटे की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। पंजाब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजन को सौंप दिया है। संवाद