गोला सीएचसी में पत्नी से घटना की जानकारी करती पुलिस। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। गांव नाथूपुर निवासी एक अधेड़ को संदिग्ध परिस्थितियों में कार से सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी और बेटे ने एक महिला पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतक की पत्नी सागरपती और पुत्र प्रीतिंदर ने बताया कि विश्राम (50) के गांव की ही एक महिला से सहमति से संबंध थे और उसका घर पर आना-जाना था। आरोप है कि विरोध करने पर विश्राम ने पत्नी और बेटे को घर से निकाल दिया था। इसके बाद दोनों लखीमपुर में किराये पर रहकर गुजर-बसर कर रहे थे।
पत्नी और बेटे का आरोप है कि महिला विश्राम की पांच बीघा जमीन बिकवा चुकी है। बुधवार को सूचना मिलने पर जब वे सीएचसी पहुंचे तो विश्राम मृत मिले। उन्होंने महिला पर संपत्ति के लालच में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया।
सीएचसी में मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार शाम विश्राम की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। उस समय महिला उनके साथ मौजूद थी। विश्राम को उनकी ही कार से गोला सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के सामने ही पत्नी और बेटे ने महिला पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर महिला को पूछताछ के लिए कोतवाली बैठाया है।
प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक के एक महिला के साथ सहमति से संबंध होने की बात सामने आई है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।