लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शहर में समरसता पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया। यह संचलन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता की। कई जगह पुष्पवर्षा और जल सेवा द्वारा स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।
बाद में पंडित दीनदयाल कॉलेज परिसर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह ने कहा कि समरसता केवल विचार नहीं, यह हमारी परंपरा और व्यवहार का हिस्सा है। भारतवर्ष की शक्ति उसकी विविधता में निहित है। संघ सदैव इस समरसता को सामाजिक व्यवहार में उतारने का प्रयास करता है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में समरसता, राष्ट्रभक्ति और संगठन की भावना को जागृत करना है। जातिगत भेदभाव केवल सामाजिक विघटन नहीं, राष्ट्र की आत्मा पर आघात है। संघ का प्रयास है कि हर स्वयंसेवक समरस समाज के निर्माण का वाहक बने। आज आवश्यकता है कि हम अपने पर्यावरण के प्रति सजग हों, जल, जंगल और जमीन को केवल संसाधन नहीं, ऋषि परंपरा की धरोहर मानें। स्वदेशी केवल उत्पादों तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मगौरव का मूलमंत्र है।
कार्यक्रम में प्रांत संघचालक स्वर्ण सिंह, विभाग प्रचारक अभिषेक, जिला संघचालक अवधेश गुप्ता, जिला प्रचारक अविनाश, संजीव, अमरेश, मुकेश धीमन, अमर सिंह, अंशुल जायसवाल, आशीष प्रताप सहित तमाम लोग मौजूद रहे।